इंदौर:शहर को सिंगल यूज़ प्लास्टिक एवं प्रतिबंधित पॉलीथिन मुक्त बनाने हेतु नगर निगम द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है. इसी के अंतर्गत नगर निगम स्वास्थ्य विभाग द्वारा कैट रोड स्थित फैमिली कलेक्शन (मोक्ष ट्रेडर्स) पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 2750 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त कर संबंधित गोदाम को तत्काल प्रभाव से सील किया गया.
अपर आयुक्त प्रखर सिंह के निर्देशन में निगम स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा झोन क्रमांक 21, वार्ड क्रमांक 79 अंतर्गत कैट रोड स्थित फैमिली कलेक्शन (मोक्ष ट्रेडर्स) पर विशेष पॉलीथिन चेकिंग अभियान चलाया गया. कार्रवाई के दौरान टीम द्वारा दुकान संचालक से दुकान खोलने का आग्रह किया गया, किंतु संचालक द्वारा सहयोग नहीं किए जाने एवं दुकान नहीं खोलने पर निगम टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आरी से ताला काटकर परिसर की जांच की. जांच के दौरान गोदाम में भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक पॉलीथिन एवं कैरीबैग का अवैध भंडारण पाया गया.
टीम द्वारा मौके से लगभग 2750 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त की गई. प्रतिबंधित सामग्री पाए जाने पर संबंधित गोदाम को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया तथा जब्त की गई पॉलीथिन को नियमानुसार निपटान हेतु नेप्रा स्थित प्लांट भेजा गया. कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी अवधनारायण सिंह, सीएसआई विजय यादव, सहायक सीएसआई रवि सिंह, वार्ड सहायक दरोगा मिंटू कल्याणे तथा टीम बेसिक्स के प्रतिनिधि उपस्थित थे.
