
दतिया। नगरवासी काफ़ी लम्बे समय से झांसी चुंगी से लेकर नई कलेक्ट्रेट तक सर्विस रोड़ निमार्ण की मांग कर रहें हैं ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी आ सके। इन सड़क दुर्घटनाओं में सबसे अधिक हादसे का शिकार दोपहिया वाहन चालक और पैदल चलने वाले राहगीर हुए हैं।
*अनेक संस्थान होने से आवागमन है ज्यादा*
झांसी ग्वालियर हाईवे पर अनेक संस्थान होने से लोगों का आवागमन अधिक मात्रा में इसी मार्ग पर है। विवाह घर, नई कलेक्ट्रेट, मेडिकल कॉलेज, ज़िला भाजपा कार्यालय जैसे बड़े संस्थान यहां है। दिन में बड़ी संख्या में लोग कार्य करते हैं और रोजाना अपने दोपहिया वाहन से कार्य के लिए जाते हैं। हाईवे होने से उनको हादसे का शिकार होने का भय बना रहता हैं।
*पंचम कवि की टोरिया पर रविवार को लगता हैं भक्तों का तांता*
इसी मार्ग से रविवार को भक्त बड़े संख्या में पंचम कवि की टोरिया पर भगवान भैरवनाथ के दर्शन के लिए जाते हैं। सबसे अधिक दोपहिया वाहनों से भक्त पहुंचते हैं। पूर्व में अनेकों भक्त सर्विस रोड़ न होने से दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं और कुछ लोगों को अपनी जान भी गवानी पड़ी। सर्विस रोड़ का निर्माण होने से इन दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा।
*हड़ा पहाड़ है दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र*
सबसे अधिक सड़क दुर्घटना का शिकार वाहन चालक हड़ा पहाड़ पर होते हैं। अभी कुछ दिन पूर्व ही एक बस और मोटर साइकिल में भीषण टक्कर हुई थीं। पूर्व में एक साईकिल सवार बुजुर्ग को इस स्थान पर अपनी जान गवानी पड़ी थी।
*क्या कहते हैं स्थानीय निवासी-*
-सर्विस रोड़ का निर्माण होने से सड़क दुर्घटनाओं में काफ़ी हद तक कमी आएंगी साथ ही वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा होगी।।
*अमित अग्रवाल, समाज सेवी*
सबसे अधिक समस्या वाहन चालकों को हड़ा पहाड़ क्षेत्र में होती है क्योंकि यहां पर हाईवे से सीधा मार्ग नगर की ओर आता है। यह दुर्घटना बहुल्य क्षेत्र है सर्विस रोड़ होने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
*अक्कू दुबे*
*भाजपा पार्षद*
स्थानीय निवासियों का कहना हैं कि सर्विस रोड का निर्माण होना आवश्यक है क्योंकि इस मार्ग पर आवागमन बड़ी संख्या में दो पहिया वाहन चालकों को करना पड़ता है यदि सर्विस रोड बन जाता है तो दोपहिया वाहनचालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी काफ़ी आसानी होगी।
