
ग्वालियर। शहर में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण कदम जुडऩे जा रहा है। मध्य भारत शिक्षा समिति द्वारा प्रस्तावित आवासीय ऋषि गालव विश्वविद्यालय, ग्वालियर का भूमि पूजन 4 मई को प्रात: 9:30 बजे शिवपुरी लिंक रोड, शीतला माता मार्ग स्थित ग्राम बेला में होगा।
भूमि पूजन समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में उच्च शिक्षा मंत्री इन्दर सिंह परमार, प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट उपस्थित रहेंगे। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी होंगे। अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मध्यभारत प्रांत संघचालक अशोक पाण्डे करेंगे।
भूमि पूजन की पूर्व संध्या पर रविवार को कार्यक्रम स्थल पर सुंदरकांड का सामूहिक पाठ आयोजित किया गया। इस दौरान 101 दीप प्रज्जवलित किए गए। आरती के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम की तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। लगभग 30 हजार वर्ग फुट क्षेत्र में डोम तैयार किया गया है, जिसमें 2500 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए पेयजल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं। यह विश्वविद्यालय 55 बीघा भूमि पर निर्मित होगा। जिसकी कुल अनुमानित लागत करीब 110 करोड़ रुपए है और इसे
3 वर्ष में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं लगभग 30 करोड़ रुपए की प्रारंभिक लागत से आगामी एक वर्ष में निर्माण कार्य के प्रथम चरण को पूरा कर
गुरु पूर्णिमा 18 जुलाई 2027 से नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मध्य भारत शिक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र बांदिल एवं सचिव प्रो.राजेंद्र वैद्य ने शहर के सभी प्रबुद्धजनों से कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया है।
*वाहनों की रहेगी व्यवस्था*
भूमि पूजन समारोह में जाने-आने के लिए नागरिकों की सुविधा के लिए शहर के विभिन्न स्थानों से वाहनों की व्यवस्था की गई है। प्रात: 8:45 बजे एबी रोड स्थित गणेश बाग मंदिर, पार्वती विद्या पीठ, पीजीवी महाविद्यालय परिसर, माधव महाविद्यालय नईसड$क, सरस्वती शिशु मंदिर नदी द्वार, जीवाजी विश्वविद्यालय द्वार, राजमाता चौराह, एमआईटीएस गोला का मंदिर से वाहन कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगे।
