सिंगरौली: शहर के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम बैढ़न के समीप माजन मोड़ से इंदिरा चौक विंध्यनगर तक प्रस्तावित सड़क डामरीकरण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया। इस सड़क निर्माण कार्य पर कुल ₹8.41 करोड़ की लागत आएगी, जिससे क्षेत्र के हजारों नागरिकों को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री राधा सिंह, सीधी-सिंगरौली संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, महापौर रानी अग्रवाल, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, भाजपा जिला अध्यक्ष सुंदरलाल शाह, कलेक्टर गौरव बैनल, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान गौड़, कार्यपालन यंत्री नगर निगम संतोष पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पार्षद एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राज्य मंत्री राधा सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रदेश सरकार शहरों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सड़कों का सुदृढ़ नेटवर्क विकास की रीढ़ होता है और यह परियोजना क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी गति प्रदान करेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण कराया जाएगा।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर सिंगरौली के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह सड़क न केवल आवागमन को सरल बनाएगी, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को भी बेहतर करेगी। सांसद ने स्थानीय नागरिकों से विकास कार्यों में सहयोग की अपील भी की।
वहीं विधायक रामनिवास शाह ने अपने संबोधन में कहा कि यह सड़क लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांग थी, जिसे आज पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से ट्रैफिक जाम की समस्या में कमी आएगी और दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देशित किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने निर्माण कार्य की रूपरेखा की जानकारी ली और क्षेत्र के विकास के लिए भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की। स्थानीय नागरिकों ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
