नयी दिल्ली, 01 मई (वार्ता) सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुजरात में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के सूरत-भरूच खंड पर चोरायासी टोल प्लाजा पर देश की पहली मल्टी-लेन फ्री फ्लो बैरियर- रहित टोलिंग प्रणाली शुरू करने की घोषणा की है।
श्री गडकरी ने बताता कि यह अत्याधुनिक प्रणाली है जो ऑटोमैटिक तरीके से नम्बर प्लेट की पहचान करेगी। उनका कहना था कि यह फास्टैग जैसी तकनीकों पर आधारित है, जिससे वाहन बिना रुके टोल प्लाजा पार कर सकेंगे और टोल अपने आप कट जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस नयी व्यवस्था से यात्रा समय में कमी आएगी, टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और ईंधन की बचत के साथ प्रदूषण भी घटेगा। इसके अलावा टोल संग्रह प्रक्रिया में मानवीय हस्तक्षेप कम होगा, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी।
श्री गडकरी ने कहा कि यह पहल ‘ईज ऑफ लिविंग’ को बेहतर बनाने के साथ-साथ माल परिवहन को तेज और सुगम बनाकर ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को भी बढ़ावा देगी। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित हो रहे आधुनिक और तकनीक-आधारित राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य देशभर में विश्वस्तरीय, कुशल और यात्री-अनुकूल सड़क बुनियादी ढांचा विकसित करना है, और यह नयी टोलिंग प्रणाली उसी दिशा में एक बड़ा सुधार है।
