सैम पित्रोदा के मामले में यादव ने कांग्रेस पर बोला हमला

भोपाल, 27 जून (वार्ता) लोकसभा चुनाव के समय विवादास्पद बयान देने वाले सैम पित्रोदा को फिर से इंडियन ओवरसीज कांग्रेस का अध्यक्ष बनाए जाने के बाद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उसके चरित्र को “दोमुंहा” बताया।

डॉ यादव ने यहां मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि कांग्रेस चुनाव के बाद अपना असली चरित्र दिखाती है। वास्तव में कांग्रेस के कर्णधारों को सैम पित्रोदा को फिर से बाहर का रास्ता दिखाना चाहिए। सच्चे अर्थों में कांग्रेस का चरित्र दोमुंहा है। इसका सबसे अच्छा उदाहरण पित्रोदा की कांग्रेस में वापसी है।

डॉ यादव ने कहा, “बड़े दुर्भाग्य के साथ कहना पड़ रहा है कि कांग्रेस हमेशा चुनाव के समय अलग रोल में रहती है और चुनाव के बाद असली चरित्र दिखाती है।” उन्होंने कहा कि पित्रोदा के माध्यम से भारत के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले स्थानीय रहवासियों को अपमान का घूंट पीना पड़ा था। वो कांग्रेस का कितना शर्मनाक बयान था। जब कांग्रेस ने कहा था कि हमारा इनसे (सैम पित्रोदा) कोई लेनादेना नहीं है और उनको अपनी पार्टी से बाहर कर दिया। जैसे ही चुनाव निकला, कांग्रेस अपने वादे से मुकर गयी।

मुख्यमंत्री के मुताबिक उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि कांग्रेस आज पित्रोदा को निकाल रही है। लेकिन कांग्रेस का दरवाजा वापस खुलेगा और सैम पित्रोदा कांग्रेस की धरोहर बनकर निकलेगा। आज यह सबके सामने उदाहरण है। डॉ यादव ने कहा कि कांग्रेस के कर्णधारों को देश से माफी मांगना चाहिए कि उनसे गलती हुयी है और सैम पित्रोदा को फिर से बाहर का रास्ता दिखाना चाहिए।

सैम पित्रोदा ने लोकसभा चुनाव के दौरान देश के विभिन्न अंचलों में रहने वाले निवासियों के पूर्वजों को लेकर विवादित बयान दिया था। इसके चलते उन्हें इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख पद से हटना पड़ा था। पित्रोदा के बयान को भाजपा ने लोकसभा चुनाव में मुद्दा बनाने का प्रयास किया था।

Next Post

नशामुक्ति के लिये भोपाल में जन-जागरूकता रथ

Thu Jun 27 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email भोपाल, 27 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह 28 जून को भोपाल में नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत जन-जागरूकता रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करेंगे। श्री कुशवाह ने बताया कि […]

You May Like

मनोरंजन