
शाजापुर।एनएच-52 पर टुकराना और बिजाना जोड़ के बीच गुरुवार सुबह बड़ा सडक़ हादसा हो गया. यहां बापूजी पेट्रोल पंप के सामने एक तेज रफ्तार ट्रक ने तीर्थ यात्रियों से भरी बस को पीछे से टक्कर मार दी. इस बस में करीब 52 यात्री सवार थे, जो केदारनाथ-बद्रीनाथ के दर्शन कर खरगोन लौट रहे थे. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा और ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
इस हादसे में 24 से अधिक यात्री घायल हो गए. सूचना मिलते ही डायल 112 के पायलट राजवीर और कमलेश, प्रधान आरक्षक पवन शर्मा और आरक्षक देवांशु ठाकुर मौके पर पहुंचे. इसके बाद लालघाटी थाना और कोतवाली पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची. सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से शाजापुर के जिला अस्पताल भेजा गया. जहां उनका इलाज जारी है. घायलों में रीना, कंचन बाई, नर्मदा बाई, धनी बाई, बसु बाई, रमा बाई, सेवकराम पटेल, बलीराम, अनिता, कमलेश, संगीता, छाया, उमाबाई, तुलसीबाई और भगवतबाई सहित अन्य यात्री शामिल हैं. बताया गया है कि टक्कर मारने वाले ट्रक में कच्चा तेल भरा था और वह झालावाड़ से देवास जा रहा था. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सडक़ से हटाकर यातायात बहाल किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
