भिंड: गोहद चौराहा थाना क्षेत्र में रात करीब 12 बजे बाथरूम के विवाद में एक युवक ने अपने 36 वर्षीय बड़े भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी छोटे भाई राजू भदौरिया के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। दोपहर को घर की महिलाओं के बीच बाथरूम के इस्तेमाल को लेकर कहासुनी हुई थी।
रात में जब दोनों भाइयों की पत्नियों ने अपने-अपने पतियों को इस विवाद की जानकारी दी, तो दोनों भाई भी इस बात को लेकर आपस में उलझ गए। रात करीब 12 से 1 बजे के बीच बात इतनी बढ़ गई कि दोनों भाइयों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान छोटे भाई राजू भदौरिया ने कट्टा निकालकर बड़े भाई मनमोहन भदौरिया के सिर में गोली मार दी। गोली लगने से मनमोहन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के वक्त पिता गोवर्धन सिंह भी घर में मौजूद थे।
