नयी दिल्ली, 29 अप्रैल (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बुधवार को चावल में टिकाव देखा गया। चावल के साथ गेहूं की कीमत भी कमोबेश स्थिर रही। चीनी के भाव घटे, जबकि दालों और खाद्य तेलों में घट-बढ़ रही। औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 3,835 रुपये प्रति क्विंटल पर लगभग स्थिर रही। गेहूं 2,780 रुपये प्रति क्विंटल पर अपरिवर्तित रहा। आटे में भी टिकाव देखा गया। दाल-दलहनों में उतार-चढ़ाव रहा। चना दाल की औसत कीमत 10 रुपये और मसूर दाल की चार रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। तुअर दाल 20 रुपये और उड़द दाल 13 रुपये सस्ती हुई। मूंग दाल भी नौ रुपये प्रति क्विंटल टूट गयी।
मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में जुलाई का पाम ऑयल वायदा 42 रिंगिट चढ़कर 4,578 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। जुलाई का अमेरिकी सोया तेल वायदा भी 1.24 प्रतिशत महंगा हुआ और 73.42 सेंट प्रति पौंड के भाव बोला गया। स्थानीय बाजारों में सरसों तेल औसतन 13 रुपये और वनस्पति पांच रुपये प्रति क्विंटल फिसल गया। सोया तेल 31 रुपये और मूंगफली तेल 17 रुपये महंगा हुआ। पाम ऑयल में 14 रुपये और सूरजमुखी तेल में 13 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी रही।
मीठे के बाजार में आज गुड़ का औसत भाव तीन रुपये प्रति क्विंटल गिर गया। चीनी भी दो रुपये सस्ती हुई।

