
इंदौर। प्रधानमंत्री आवास योजना की किश्त जारी करने के बदले 8 हजार रुपए की रिश्वत लेते एक सरपंच पति को लोकायुक्त टीम ने रंगे हाथ पकड़ा है. कार्रवाई में पंचायत सचिव की भूमिका भी सामने आई है और दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है.
लोकायुक्त के अनुसार, ग्राम भोगवाढा निवासी कविता यादव (35) को योजना के तहत 1.25 लाख रुपए स्वीकृत हुए थे, जो चार किश्तों में मिलना थे. पहली किश्त 25 हजार रुपए नवंबर 2025 में और दूसरी किश्त 40 हजार रुपए मार्च 2026 में मिल चुकी थी. तीसरी और चौथी किश्त की 65 हजार रुपए राशि जारी करने के बदले सचिव जितेंद्र सिंह पंवार और सरपंच पति चिंताराम भोमारे द्वारा 8 हजार रुपए की मांग की जा रही थी. आवेदिका ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त इंदौर राजेश सहाय से की थी. सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने पर सोमवार 27 अप्रैल को ट्रैप दल का गठन कर उक्त कार्रवाई को अंजाम दिया. कार्रवाई के दौरान सचिव की मौजूदगी में सरपंच पति चिंताराम भोमारे को 8 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया. दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. ट्रैप दल में कार्यवाहक उप पुलिस अधीक्षक आनंद चौहान सहित अन्य सदस्य शामिल रहे.
