
परासिया। शनिवार दोपहर भीमसेन घाटी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। जिससे उसमें सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार रावनवाड़ा, शिवपुरी थाना क्षेत्र के शिवपुरी बस्ती निवासी 40 वर्षीय दिनेश यदुवंशी शनिवार को न्यूटन चैकी क्षेत्र के ग्राम पेजनवाड़ा में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकला था। उसके साथ कुछ रिश्तेदार भी थे, जो परासिया में खरीदारी के लिए रुक गए, जबकि दिनेश अपने दोपहिया वाहन से आगे निकल गए। न्यूटन के समीप भीमसेन घाटी में किसी अज्ञात वाहन ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर गिर गया, जिससे दिनेश के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। वे सड़क पर अचेत अवस्था में पड़े थे।घटना की सूचना राहगीरों ने डायल 112 पर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सिविल अस्पताल परासिया पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और उसके दो बच्चे हैं। इस हादसे से परिवार में शोक की लहर है।
