इंदौर: आगामी सुपर स्वच्छ लीग 2025-26 के अंतर्गत शहर के निजी विद्यालयों में स्वच्छता संबंधी निर्धारित मापदंडों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा रविन्द्र नाट्यगृह में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया.कार्यशाला में अपर आयुक्त प्रखर सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी शांता स्वामी सहित बड़ी संख्या में निजी विद्यालयों के संचालक, प्रबंधक, प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित उपस्थित रहे.
कार्यशाला के प्रारंभ में उपस्थित सभी स्कूल संचालकों, प्रबंधकों एवं प्रतिनिधियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई, जिससे वे अपने-अपने संस्थानों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए विद्यार्थियों को भी इसके लिए प्रेरित करें. आयुक्त श्री सिंघल ने कहा कि इंदौर देश में स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी शहर है और इस उपलब्धि में यहां के जागरूक नागरिकों के साथ-साथ स्कूली छात्र-छात्राओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है. उन्होंने कहा कि विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चे न केवल स्वयं स्वच्छता का पालन करते हैं, बल्कि अपने परिवार और समाज को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हैं. इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए निजी स्कूलों में स्वच्छता के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने हेतु यह कार्यशाला आयोजित की गई है.
महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी
कार्यशाला के दौरान शासन द्वारा निर्धारित स्वच्छता गाइडलाइन के अनुरूप विभिन्न विषयों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया. इसमें विद्यालय परिसर की नियमित सफाई व्यवस्था, कचरा पृथक्करण (सेग्रिगेशन), छात्र-छात्राओं के लिए पृथक शौचालय, शौचालयों में स्वच्छ पानी की उपलब्धता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, डस्टबिन की व्यवस्था, सीवरेज एवं सेप्टिक टैंक सिस्टम, खेल मैदान की साफ-सफाई, गीले कचरे के निष्पादन हेतु परिसर में ही कम्पोस्टिंग की व्यवस्था, तथा दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए विशेष शौचालय सुविधाओं जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई.
आयुक्त श्री सिंघल ने सभी विद्यालय संचालकों से अपील की कि वे इन सभी स्वच्छता मानकों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करें, ताकि इंदौर शहर अपनी स्वच्छता की पहचान को और अधिक सुदृढ़ कर सके तथा आने वाली सुपर स्वच्छ लीग में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सके।
