सिंगरौली : कलेक्ट्रेट सभागार सिंगरौली में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की अहम बैठक का आयोजन सांसद डॉ. राजेश मिश्रा की अध्यक्षता में किया गया। जिला पंचायत सिंगरौली द्वारा आयोजित इस बैठक में जिले में चल रही विभिन्न शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।बैठक में विधायक सिंगरौली रामनिवास शाह, ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, जपं अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्रस्तुत की, जिस पर विस्तार से चर्चा करते हुए कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए। सांसद ने विशेष रूप से सड़क निर्माण कार्यों की धीमी गति पर चिंता जताई और गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देशित किया। रेलवे से जुड़े लंबित मुद्दों पर भी गंभीरता से चर्चा की गई। वहीं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने पर जोर दिया गया। जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
सांसद ने निर्देशित किया कि हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके अलावा नगर निगम, वन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की भी गहन समीक्षा करते हुए बेहतर क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान स्पष्ट किया गया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अंत में सांसद ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही और देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने और जिले के समग्र विकास को प्राथमिकता देने के निर्देशित किया।
