इंदौर:नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा आज भागीरथपुरा क्षेत्र का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त नरेंद्र नाथ पांडे, जोनल अधिकारी आनंद रैदास सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त श्री सिंघल ने क्षेत्र में प्रगतिरत नर्मदा जल प्रदाय लाइन, सीवरेज लाइन एवं सड़क निर्माण कार्यों का स्थल पर जाकर अवलोकन किया.
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, जिससे नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें. आयुक्त ने भागीरथपुरा क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को चल रहे सड़क निर्माण एवं रेस्टोरेशन कार्य के नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए.
निरीक्षण के दौरान आयुक्त श्री सिंघल ने क्षेत्रीय नागरिकों से संवाद कर जल प्रदाय व्यवस्था की जानकारी ली. नागरिकों से पूछा गया कि उन्हें पानी समय पर मिल रहा है या नहीं. इस पर नागरिकों ने संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि जल आपूर्ति नियमित रूप से प्राप्त हो रही है.
क्लोरिनेशन प्रक्रिया नियमित करें
इस अवसर पर आयुक्त ने जल प्रदाय व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल प्रदाय के दौरान नियमित सैंपलिंग करने तथा क्लोरिनेशन प्रक्रिया को लगातार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो. उल्लेखनीय है कि भागीरथपुरा के 95 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र में पाइप लाइन से जल वितरण व्यवस्था को पुनर्स्थापित करने का कार्य पूर्ण हो गया है और पाइप लाइन से जल वितरण किया जा रहा है तथा शेष क्षेत्र में कार्य जारी है, शेष क्षेत्र में टैंकर से जलप्रदाय किया जा रहा है
