भोपाल: जेलों में सजा काट रहे बंदियों की स्वास्थ्य निगरानी को व्यवस्थित बनाने के लिए अब हेल्थ कार्ड तैयार किए जाएंगे. इस पहल के तहत 25 अप्रैल को विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित होंगे, जिनमें प्रत्येक बंदी की बीमारी, उपचार और खानपान से जुड़ी जानकारी दर्ज की जाएगी.दरअसल, जबलपुर उच्च न्यायालय क्षेत्राधिकार की जेलों में यह विशेष स्वास्थ्य शिविर न्यायाधिपति विवेक अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित किए जा रहे हैं. कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय जेल जबलपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होगा.
इसी क्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में केंद्रीय जेल भोपाल में भी शिविर लगाया जाएगा. शिविर के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जेपी जिला चिकित्सालय और हमीदिया मेडिकल कॉलेज से चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं.इस अभियान की खास बात यह है कि प्रत्येक बंदी का हेल्थ कार्ड बनाया जाएगा, जिसमें उसकी बीमारी, उपचार, खानपान और जीवनशैली से संबंधित जरूरी निर्देश दर्ज होंगे. हेल्थ कार्ड की एक प्रति बंदी को भी दी जाएगी, ताकि वह अपनी स्वास्थ्य स्थिति और सावधानियों से अवगत रह सके.
स्वास्थ्य शिविर के साथ ही केंद्रीय जेल भोपाल में विधिक सहायता शिविर का भी आयोजन किया जाएगा. इसमें पैनल अधिवक्ताओं और लीगल एड डिफेंस काउंसिल के माध्यम से बंदियों को उनके प्रकरणों की जानकारी और आवश्यक कानूनी सहायता प्रदान की जाएगी.
