नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू- कश्मीर के उधमपुर में बस हादसे में हुई जानमाल की हानि पर सोमवार को गहरा शोक व्यक्त किया और पीड़ित परिजनों के लिए सहायता राशि की घोषणा की। प्रधानमंत्री कार्यालय एक विज्ञप्ति के अनुसार श्री मोदी ने इस हादसे में मृत लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
श्री मोदी ने इस दुखद हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि तथा घायलों के लिए 50,000 रुपये सहायता की घोषणा की है।
गौरतलब है कि उधमपुर जिले में सुबह बस के खाई में गिरने से 16 लोगों की मौत हो गयी है और कई अन्य घायल हो गये।
