भाजपा विधायक के बेटे ने थार से 5 लोगों को कुचला

शिवपुरी। जिले में गुरुवार को भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी ने थार कार से 5 लोगों को कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार 3 लोग और पैदल चल रही दो महिलाएं घायल हो गईं। मामला करैरा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, संजय परिहार, आशीष परिहार, अंशुल परिहार, सीता वर्मा और पूजा सोनी घायल हैं। हाथ-पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि सीता वर्मा और पूजा सोनी को कमर, कंधे और सिर में चोटें लगी हैं। सेबढ़ा निवासी संजय परिहार ने विधायक के बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह अपने साथियों आशीष परिहार और अंशुल परिहार के साथ बाइक से थनरा गांव मजदूरी के लिए जा रहे थे। उनके आगे सीता वर्मा और पूजा सोनी पैदल चल रही थीं।

इसी दौरान थाने के सामने पीछे से आई थार कार ने पहले बाइक को टक्कर मारी, जिससे तीनों युवक सड़क पर गिर गए। थार ने पैदल चल रही दो महिलाओं को भी चपेट में ले लिया। हादसे में पांचों लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और अस्पताल पहुंचाया।

*विधायक के पुत्र दिनेश लोधी चला रहे थे गाड़ी*

घायल आशीष परिहार और अंशुल परिहार ने बताया कि गाड़ी दिनेश लोधी चला रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि गाड़ी के आगे “प्रीतम लोधी” और पीछे “एमएलए” लिखा था। घायल लोगों का कहना है कि दुर्घटना के बाद दिनेश लोधी ने बहस की और डराया-धमकाया। हादसे के बाद जब एक व्यक्ति ने कैमरा ऑन कर पूछा कि गाड़ी में ब्रेक नहीं है क्या, इस पर दिनेश लोधी ने कहा जब मैं सायरन, हॉर्न दे रहा हूं तो गाड़ी को लहरा काहे रहे थे। बाइक पर तीन-तीन लोग बैठकर गाड़ी लहरा रहे थे। दिनेश लोधी ने यह भी कहा कि वीडियो मत बनाओ बेटा। उसका कैमरा बंद करा दिया और लोगों को डराया-धमकाया।

*विधायक ने कहा: पीड़ितों को न्याय दिलाए पुलिस*

हादसे के बाद विधायक प्रीतम लोधी ने फेसबुक पर बेटे के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। उन्होंने लिखा कि विधायक के लिए पुत्र या परिवार बड़ा नहीं होता। जनता सर्वोपरि है। पुलिस प्रशासन करेरा के पीड़ितों को न्याय दिलवाए।

Next Post

एसएंडपी ग्लोबल ने 3500 कर्मियों के लिए बनाया आधुनिक कार्यालय

Thu Apr 16 , 2026
गुरुग्राम, 16 अप्रैल (वार्ता) न्यूयार्क स्टाक एक्सचेंज में सूचीबद्ध एसएंडपी ग्लोबल ने गुरुग्राम में अपने अत्याधुनिक कार्यालय का उद्घाटन करने की घोषणा की है जहां एक हाइब्रिड वर्क मॉडल में 3,500 से अधिक कर्मी कार्य करेंगे। कंपनी की गुरूवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार उसका यह कदम गुरुग्राम को […]

You May Like