
छतरपुर। बुंदेलखंड के युवाओं के लिए महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय (MCBU) से एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। विश्वविद्यालय में लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम (MSME) नवाचार सह उद्भवन (इनक्यूबेशन सेंटर) की स्थापना की जा रही है, जो युवाओं के स्टार्टअप आइडियाज को साकार करने में मदद करेगा।
यह परियोजना वर्ल्ड बैंक समर्थित ‘रैंप योजना’ के अंतर्गत विकसित की जा रही है। हाल ही में मध्य प्रदेश लघु उद्योग निगम के साथ हुए समझौते के बाद परियोजना की पहली किश्त जारी कर दी गई है, जिससे निर्माण कार्य में तेजी आई है।
करीब 80 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह सेंटर लगभग 2500 वर्ग फीट क्षेत्र में तैयार होगा। इसमें को-वर्किंग स्पेस, अत्याधुनिक लैब, डिजिटल संसाधन और प्रशिक्षण केंद्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे युवा अपने प्रोजेक्ट्स पर काम कर सकेंगे।
परियोजना के नोडल अधिकारी डॉ. केके गंगेले को बनाया गया है। यह केंद्र न केवल विश्वविद्यालय के छात्रों, बल्कि पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र के युवाओं के लिए खुला रहेगा।
इस पहल से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और युवाओं का पलायन रुकने की उम्मीद है, जिससे ‘आत्मनिर्भर बुंदेलखंड’ का सपना साकार हो सकेगा।
