अधिकारी, पुलिस चुनाव प्रक्रिया में व्यस्त, रेत माफियाओ की बल्ले बल्ले

निर्धारित रेत खदान से हटकर ठेकेदार कर रहे रेत का अवेध उत्खनन

न्यूटन पुल को पहुंचाया जा रहा नुकसान

 

छिंदवाड़ा। लोकसभा चुनाव आचार संहिता लागू होने के साथ ही पूरा प्राशासनिक और पुलिस महकमा चुनावी प्रक्रिया में व्यस्त हों गया है, जिसका पूरा फायदा अवैध धंधे में लिप्त लोगों द्वारा उठाया जा रहा है। खनिज विभाग द्वारा आवंटित रेत खदानो से हटकर रेत माफिया नदी को छलनी करने में जुटे हुए हैं। तो वही रेत ठेकेदारों द्वारा रॉयल्टी में बड़ा खेल करते हुए शासन को चूना लगाया जा रहा है। रेत परिवहन में लगे अधिकांश टैक्टर कृषि कार्य के नाम पर पंजीकृत हैं जिनका उपयोग कमर्शियल व्हीकल के रुप में किया जा रहा है। मामले में ध्यान देने योग्य तथ्य यह है कि अवैध परिवहन में लगे वाहन चौकी थानों के सामने से होकर गुजर रहे! लेकिन मजाल है कि खाकी रेत परिवहन में लगे टैक्टरो को रोक ले ? तो वही पुलिस के सामने बगैर हेलमेट के दुपहिया नहीं जा सकता ! कुछ ऐसा ही हाल भोपाल राज्य मार्ग पेंच नदी न्यूटन में बने करोड़ों रुपए के पुल को वर्तमान समय में रेत माफियाओं द्वारा नुकसान पहुंचाया जा रहा है। जहां रात दिन रेत का उत्खनन कर इसे कमजोर किया जा रहा है। इस उत्खनन से सबसे ज्यादा नुकसान इस पुल के पिल्लरों को पहुंच रहा जिसके आसपास गहराई तक रेत निकाली जा रही है। पिल्लरों के आसपास गहरे गड्ढे होने से यह पिल्लर कमजोर हो रहे हैं। इस व्यस्ततम मार्ग पर रात दिन छोटे बड़े वाहनों का आवागमन लगातार बना रहता है। जब भारी वाहन इस पुल के ऊपर से गुजरते हैं तो पुल के क्षतिग्रस्त होने का डर बना रहता है। परासिया तहसील मुख्यालय से मात्र तीन किलोमीटर की दूरी में स्थित न्यूटन पुल से रेत का उत्खनन प्रशासन को ठेंगा दिखाते हुए किया जा रहा है। न्यूटन मुख्य मार्ग पर पुलिस चौकी होने के बावजूद भी यहां से रात दिन रेत का उत्खनन कर अवैध परिवहन चौकी के सामने से हो रहा है। इस अवैध कारोबार में लिप्त व्यक्तियों पर जरा भी प्रशासन का खौफ दिखता नजऱ नहीं आ रहा। नदी के भीतर ट्रैक्टर ट्राली को उतार कर दिनदहाड़े रेत भरी जा रही है। नदी में जगह-जगह गहरे गड्ढे कर दिए गए हैं। ज्ञात हो कि पुल से लगभग दो से तीन किलोमीटर की दूरी पर बेलगांव के नाम से प्रशासन ने रेत खदान घोषित कर रखी है लेकिन घोषित खदान से रेत निकालने के स्थान पर यह ट्रैक्टर ट्राली चालक व मालिकों पेंच नदी पुल के नीचे से रेत निकाल रहे है। और नदी का दोहन कर दे रहे हैं जिन्हें रोकने वाला कोई नहीं है। इस अवैध कारोबार में क्षेत्र का एक बहुत बड़ा रेकैट काम कर रहा है जो कि ऐसे रेत भरे स्थानों से अवैध उत्खनन कराकर रेत निकलने का काम कर लाखों रुपए कमा रहे हैं और प्रशासन को चूना लगा रहे है।

————————————–

Next Post

कांग्रेस के एक बड़े नेता की पदयात्रा बन गयी कांग्रेस छोड़ो यात्रा: डॉ.मोहन यादव

Wed Mar 20 , 2024
  * मुख्यमंत्री ने सीधी से भाजपा प्रत्याशी डॉ राजेश मिश्रा के नामांकन सभा में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर कसा तंज   नवभारत न्यूज सीधी 20 मार्च।कांग्रेस के एक बड़े नेता की पदयात्रा कांग्रेस छोड़ो यात्रा बन गयी है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने उक्त बातें […]

You May Like