
भोपाल। राजधानी भोपाल के नवागत कलेक्टर प्रियांक मिश्रा ने मंगलवार को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर पदभार ग्रहण किया। इससे पहले वे धार के कलेक्टर थे। पदभार संभालने के बाद कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाना मुख्य उद्देश्य रहेगा। शासन के जो दिशा-निर्देश मिलेंगे, उनका समय पर पालन कराया जाएगा। बता दें कि नए कलेक्टर मिश्रा के सामने कई चुनौतियां रहेंगी। सबसे बड़ी चुनौती बड़ी झील के कैचमेंट एरिया में रसूखदारों के अतिक्रमण हटवाना, क्योंकि अब तक प्रशासन की कार्रवाई में रसूखदारों के बंगलों, रेस्टोरेंट, फार्म हाउस पर बुलडोजर नहीं चला है। इसके अलावा भोपाल जिले में जनगणना कराना, जल गंगा संवर्धन अभियान सहित जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों का निराकरण सहित केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन कराना।
