मोनाको, 13 अप्रैल (वार्ता) जैनिक सिनर ने मोंटे कार्लो मास्टर्स के फाइनल में डिफेंडिंग चैंपियन और दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज को हराकर नवंबर की शुरुआत के बाद पहली बार दुनिया के शीर्ष स्थान पर वापसी की। मोनाको में खेले गये निर्णायक मुकाबले में सिनर ने अल्काराज को 7-6 (7-5), 6-3 से हराकर मोंटे कार्लो टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया है। दुनिया के शीर्ष दो खिलाड़ियों के बीच नवंबर में एटीपी चैंपियनशिप के फाइनल में सिनर की सीधे सेटों में जीत के बाद पहली भिड़ंत थी। बड़े-बड़े शॉट्स से भरे इस तनावपूर्ण और कड़े मुकाबले में, दोनों खिलाड़ियों को तेज़ हवाओं का सामना करना पड़ा। इन हवाओं ने मैच में अनिश्चितता का एक तत्व जोड़ दिया, जिसके चलते दोनों खिलाड़ियों से कुल मिलाकर 83 गलतियाँ हुईं।
इस जीत के साथ 24 वर्षीय इतालवी खिलाड़ी ने इस साल का अपना तीसरा मास्टर्स 1000 खिताब जीत लिया है – इससे पहले वे इंडियन वेल्स और मियामी में भी जीत हासिल कर चुके हैं और मास्टर्स सीरीज के स्पर्धाओं में उनकी जीत का सिलसिला अब 22 मैचों तक पहुंच गया है। खिताब जीतने के बाद सिनर ने कहा, “क्ले कोर्ट पर फिर से खेलना सीखने के प्रयास में यह सप्ताह बेहद दिलचस्प रहा। मैं यहां ज़्यादा से ज़्यादा मैच खेलने की कोशिश में आया था, और इस सतह पर एक बड़ा टूर्नामेंट जीतकर मैं बहुत खुश हूं। यह ट्रॉफी जीतना और फिर से नंबर एक पर पहुंचना मेरे लिए बहुत मायने रखता है। आज हम दोनों का खेल बहुत ऊंचे दर्जे का था। थोड़ी हवा चल रही थी और हालात इस हफ्ते खेले गए मैचों से थोड़े अलग थे।”

