सतना:जिले के नागौद थाना क्षेत्र अंतर्गत बरापत्थर में महीने भर पहले गोली मारकर हत्या व घायल करने की घटना सामने आई थी. इस मामले में पुलिस ने फरार एक आरोपी समेत उसके 2 सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गए आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त पिस्टल-कारतूस और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया है.थाना प्रभारी नागौद अशोक पाण्डेय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 मार्च की रात लगभग साढ़े 9 बजे बारापत्थर गांव में बबलू यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. जबकि पैर में गोली लगने के कारण राणा यादव बुरी तरह घायल हो गए थे. मृतक बबलू यादव को 3 गोलियां मारी गई थीं.
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु की. विवेचना के दौरान जहां मुख्य आरोपी के तौर पर चंदन यादव का नाम सामने आया वहीं दूसरे आरोपी के तौर पर आलोक सोनी की पहचान हुई. पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की तलाश की जा रही थी. लेकिन संजय साकेत और प्रेम पुरवार द्वारा आरोपियों को छिपाने में लगातार सहयोग किया जा रहा था. इसी दौरान पुलिस को सटीक सूचना मिली. जिसके आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी संजय सोनी 27 वर्ष निवासी रामना टोला नागौद को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की तस्दीक पर एक पिस्टल व जिंदा करतूस के साथ मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया. इसी कड़ी में आरोपी की फरारी में लगातार सहयोग करते आ रहे संजय साकेत 31 वर्ष निवासी सिधौली और प्रेम पुरवार 18 वर्ष निवासी नागौद को भी गिरफ्तार कर लिया गया
