सतना : जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत धतुआ गांव के निकट बुधवार की सुबह हुए सडक़ हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई. घटना किसी अज्ञात वाहन की ठोकर लगने के बाद खंबे से बाइक के टकरा जाने के कारण होना बताया गया. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है.प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करौंदी निवासी राम विष्णु कुशवाहा उम्र 49 वर्ष पेश से मुर्गा व्यापारी थे. वे रामपुर से मुर्गे की खेप लेकर जाते थे और उन्हें बचने का काम करते थे. इसी कड़ी में बुधवार की सुबह को भी वे मुर्गे की खेप लेने के लिए रामपुर आए थे.
जहां पर सौदा पूरा होने के बाद वे मुर्गे की खेप लेकर वापस लौट रहे थे. बताया गया कि सुबह लगभग 7 बजे जैसे ही वे धतुआ गांव के निकट पहुंचे वैसे ही किसी अज्ञात वाहन से उनकी मोटरसाइकिल को ठोकर लग गई. जिसके चलते उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और देखते ही देखते सडक़ किनारे लगे बिजली के पुराने खंबे से जा टकराई. टक्क्र इतनी जबरदस्त थी कि राम विष्णु का सिर सीधे खंबे से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. जिसके चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बारे में जानकारी मिलते ही आस पास के लोगों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना के लगभग 4 घंटे बाद मृतक की पहचान हो पाई. वहीं घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों के बीच कोहराम मच गया. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है.
