
जबलपुर। स्टेट बार काउंसिल ऑफ मध्य प्रदेश के चुनाव के लिए बुधवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। पहले दिन कुल 48 उम्मीदवारों ने नामांकन पर्चा दाखिल किया। इनमें निवर्तमान वाइस चेयरमैन आरके सिंह सैनी, विवेक सिंह, सुनील गुप्ता, नरेंद्र जैन, भोपाल से राजेश व्यास, राजेश पांडे, उज्जैन से आशीष बालकृष्ण उपाध्याय आदि शामिल रहे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी जस्टिस एसके पालो एवं हाई पॉवर इलेक्शन कमेटी के सचिव प्रशांत दुबे ने बताया कि गुरुवार और शुक्रवार को भी नामांकन प्रक्रिया जारी रहेगी। नाम वापसी होने के बाद सभी नामांकन प्रपत्रों की जांच की जाएगी। स्क्रूटनी के बाद उम्मीदवारों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। मतदान 12 मई को होना है।
बुधवार को सुबह से ही स्टेट बार में उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ पहुंचने लगे थे। शाम तक नामांकन प्रक्रिया जारी रही। इस दौरान स्थानीय प्रत्याशी आरके सिंह सैनी के साथ पाटन अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रघुवीर सिंह ठाकुर, सम्मति सैनी, राकेश सैनी, टीसी लखेरा, अशोक पांडे, सुशील शर्मा, अशोक गुप्ता, पीएस दीक्षित व अन्य उपस्थित रहे।
