
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा है कि मध्यप्रदेश के किसानों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को हर संभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों में आई आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान पर गहरी चिंता व्यक्त की। खण्डेलवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी प्रभावित जिलों के कलेक्टरों को तत्काल सर्वे कराकर नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा राहत राशि शीघ्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और कई जिलों में किसानों को सहायता मिलना भी प्रारंभ हो गया है। खण्डेलवाल ने दोहराया कि भाजपा सरकार किसानों के कल्याण के लिए संकल्पित है और संकट की इस घड़ी में पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है।
