कोतमा में बड़ा हादसा: तीन मंजिला होटल की इमारत धरासाई, कई लोगों के दबे होने की आशंका

अनूपपुर। नगर के वार्ड क्रमांक 5 स्थित बस स्टैंड के पास शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। यहां स्थित तीन मंजिला अग्रवाल होटल की इमारत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय इमारत में कई लोग मौजूद थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मलबे में 5 से 6 लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, नगर पालिका और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

बचाव दल ने तत्परता दिखाते हुए मलबे से दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा भेजा गया। वहां उनका उपचार जारी है। वहीं, अभी भी 4 से 5 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका बनी हुई है, जिसके चलते राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान स्वयं मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। उनके साथ कोतमा तहसीलदार दशरथ सिंह, थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष अजय सराफ सहित कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद हैं। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और व्यापारी भी मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में सहयोग कर रहे हैं।

नगर पालिका की टीम जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाने में जुटी हुई है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और हर संभव प्रयास कर रहा है कि मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस इमारत का हिस्सा गिरा है उसके पास नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा था। बताया जा रहा है कि निर्माण के दौरान की गई अंडरग्राउंड खुदाई से पुरानी इमारत की नींव कमजोर हो गई, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौके से दूरी बनाए रखें, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। फिलहाल सभी की निगाहें जारी राहत कार्य पर टिकी हुई हैं और मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Next Post

डंडा के प्रहार से युवक की निर्मम हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Sat Apr 4 , 2026
. सीधी। लकड़ी के डंडा से पीटकर युवक को मौत के घाट उतारने वाले आरोपी को कमर्जी पुलिस की त्वरित कार्यवाही में चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में […]

You May Like