
बैरसिया। सरकारी गेंहू खरीदी शुरू हुए बिना तरावली क्षेत्र स्थित भगवती वेयरहाउस में सरकारी बारदाने में गेहूं रखने वाले 35 किसानों को ब्लैक लिस्ट किया गया है। सभी किसानो ने तहसील कार्यालय पहुंच कर तहसीलदार दीपक चौरसिया को ज्ञापन दिया है , उक्त ज्ञापन में कहा गया है कि सरकारी गेंहू खरीदी की तिथि सरकार द्रारा वार वार आगे बढ़ते देख किसानों ने आगजनी , खराब मौषम , वर्षा एव ओलावृष्टि से अपनी उपज को सुरक्षित करने के लिए स्वयं की सहमति से नजदीकी भगवती वेयरहाउस में गेंहू रख दिया था। यह मामला मीडिया में आते ही शासन – प्रशासन ने इन किसानों के पंजीयन ब्लैक लिस्ट कर दिए हैं। किसानों का कहना है कि इस सम्पूर्ण मामले में दोषी नागरिक खाद्य आपूर्ति विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी है। दूसरे भगवती वेयरहाउस उपार्जन केंद्र पर गेंहू खरीदी हेतु अधिकृत समिति है। इन्हें सस्पेंड किए बिना प्रशासन ने अन्याय पूर्ण रवैया अपनाते हुए किसानों के पंजीयन निरस्त कर दिए। किसानों के विरुद्ध की गई इस कार्यवाही को निरस्त कर ब्लैक लिस्ट किसानों को फसल उपार्जन 2026 -27 में समलित किए जाए।
