
सरई। नगर परिषद सरई के वार्ड क्रमांक 11 में निर्माणाधीन पुल की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय नागरिकों ने चिंता व्यक्त की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि निर्माण कार्य में उपयोग हो रही सामग्री मानकों के अनुरूप नहीं दिख रही, जिससे पुल की मजबूती को लेकर आशंका पैदा हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कार्य स्थल पर सरिया और सीमेंट की मात्रा अपेक्षाकृत कम तथा गिट्टी और रेत का उपयोग अधिक नजर आ रहा है। साथ ही रेत की गुणवत्ता और उसके स्रोत को लेकर भी संदेह व्यक्त किया गया है। नागरिकों का कहना है कि निर्माण कार्य में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पक्ष से स्पष्ट जानकारी अपेक्षित है।
मौके पर निरीक्षण को लेकर भी सवाल उठे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों की प्रत्यक्ष उपस्थिति नहीं होने से उनकी शंकाएं और बढ़ रही हैं। नागरिकों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, ताकि कार्य समय पर और मानकों के अनुरूप पूरा हो सके।
