चांचौड़ा में चुनावी रंजिश का खूनी अंत, पूर्व जनपद अध्यक्ष के भतीजे की पीट-पीटकर हत्या

गुना। जिले के चांचौड़ा थाना अंतर्गत ग्राम कोन्याकला में शुक्रवार शाम पुरानी रंजिश ने उस समय खूनी रूप ले लिया, जब पूर्व जनपद अध्यक्ष के भतीजे की गांव के ही कुछ लोगों ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस ने मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तुलसीखेड़ी निवासी 32 वर्षीय गिरीश मीना अपने मित्र कृष्णगोपाल मीना के साथ अल्टो कार से कोन्याकला गांव गए थे। बताया जा रहा है कि गिरीश जब स्कूल के समीप अपनी एक परिचित महिला से मिलने पहुंचे, तभी वहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला बोल दिया। चश्मदीद कृष्णगोपाल के मुताबिक, आरोपियों ने उसे भी जान से मारने की धमकी देकर वहां से खदेड़ दिया, जिसके बाद वह अपनी जान बचाकर वहां से निकला और परिजनों को सूचना दी।

आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद जब गिरीश को अस्पताल ले जाया गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने फरियादी कृष्णगोपाल मीणा की शिकायत पर आरोपी चंदू, रामविलास, मनीष और गोविंद मीणा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 296(ए) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Next Post

स्कूल चलें हम अभियान: कलेक्टर सहित 162 अधिकारी पहुंचे स्कूल, ली कक्षाएं

Sat Apr 4 , 2026
इंदौर। ‘स्कूल चलें हम’ अभियान के तहत 4 अप्रैल को जिले के सरकारी स्कूलों में विशेष पहल देखने को मिली। इस दौरान कलेक्टर सहित 162 प्रशासनिक अधिकारी विभिन्न स्कूलों में पहुंचे और विद्यार्थियों को पढ़ाया। इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने भी स्कूल पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें शिक्षा […]

You May Like