छतरपुर में जनगणना 2027 का पहला चरण शुरू, 33 सवालों के साथ ऑनलाइन सुविधा 

छतरपुर। जिले में जनगणना 2027 का पहला चरण 1 अप्रैल 2026 से शुरू हो गया है, जो 30 सितंबर तक संचालित किया जाएगा। इस चरण में मकानों और परिवारों से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्र की जा रही है, जिसमें कुल 33 सवाल शामिल हैं।

पहले चरण में भवन और परिवार से जुड़ी जानकारी जैसे मकान की स्थिति, निर्माण सामग्री (फर्श, दीवार, छत), मकान का उपयोग, परिवार के सदस्यों की संख्या, मुखिया का नाम, वर्ग (SC/ST/अन्य), कमरों की संख्या, पानी, बिजली, शौचालय, रसोई, ईंधन जैसी मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली जा रही है। इसके अलावा टीवी, मोबाइल, इंटरनेट, कंप्यूटर जैसे डिजिटल संसाधनों और साइकिल, बाइक, कार जैसे वाहनों की जानकारी भी दर्ज की जाएगी।

दूसरा चरण फरवरी 2027 से शुरू होगा, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति की गणना के साथ नाम, उम्र, जाति और धर्म का विवरण लिया जाएगा। हालांकि पहले चरण में भी अनुसूचित जाति और जनजाति से संबंधित डेटा संकलित किया जा रहा है।

जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया के अनुसार, जनगणना के लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया है और लोगों से सही जानकारी देने की अपील की गई है। गलत जानकारी देने या सहयोग न करने पर Census Act 1948 के तहत 1000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

इस बार जनगणना में स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा भी जोड़ी गई है, जिसके तहत नागरिक स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर मोबाइल नंबर के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर अपनी जानकारी भर सकते हैं। इसके बाद 16 अंकों की आईडी जनरेट होगी, जिसे सत्यापन के समय गणनाकर्ता को दिखाना होगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना में दी गई सभी व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं और विकास नीतियों के निर्माण के लिए किया जाएगा।

Next Post

चांचौड़ा में चुनावी रंजिश का खूनी अंत, पूर्व जनपद अध्यक्ष के भतीजे की पीट-पीटकर हत्या

Sat Apr 4 , 2026
गुना। जिले के चांचौड़ा थाना अंतर्गत ग्राम कोन्याकला में शुक्रवार शाम पुरानी रंजिश ने उस समय खूनी रूप ले लिया, जब पूर्व जनपद अध्यक्ष के भतीजे की गांव के ही कुछ लोगों ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है […]

You May Like