
दमोह। मप्र राज्य अधिवक्ता परिषद के नव निर्वाचित अध्यक्ष शैलेन्द्र वर्मा का जिला अधिवक्ता संघ, दमोह के सेंट्रल हॉल में आगमन हुआ। इस अवसर पर जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष मुकेश पाण्डेय द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष मुकेश पाण्डेय द्वारा अधिवक्ताओं की विभिन्न महत्वपूर्ण समस्याओं को राज्य अधिवक्ता परिषद के अध्यक्ष के समक्ष प्रमुखता से रखा गया। इनमें मुख्य रूप से
जूनियर अधिवक्ताओं को राज्य शासन की ओर से देय 12,000 की आर्थिक अनुदान राशि का लंबे समय से भुगतान लंबित होना।अधिवक्ताओं के मृत्यु दावा एवं चिकित्सा सहायता से संबंधित प्रकरणों का समय पर निराकरण नहीं होना तथा भुगतान में अनावश्यक विलंब होना।नवीन न्यायालय भवन में अधिवक्ताओं के लिए समुचित एवं पर्याप्त बैठक व्यवस्था उपलब्ध कराया जाना आदि महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
शैलेन्द्र वर्मा ने जिला अधिवक्ता संघ द्वारा प्रस्तुत सभी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा आश्वस्त किया कि अधिवक्ताओं के हितों से जुड़े इन सभी विषयों को प्राथमिकता के आधार पर राज्य अधिवक्ता परिषद के माध्यम से शीघ्र निराकृत कराने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।इस अवसर पर उपस्थित अधिवक्ताओं ने आशा व्यक्त की कि राज्य अधिवक्ता परिषद के सहयोग से अधिवक्ताओं की लंबे समय से लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।कार्यक्रम का सफल व प्रभावी संचालन जिला अधिवक्ता संघ के सचिव बसंत खरे द्वारा किया गया।
