जबलपुर: खमरिया थाना अंतर्गत अमझर रिंग रोड निर्माण स्थल पर सोमवार को निर्माण कार्य में लगे बिहार निवासी 32 वर्षीय मजदूर को रोड रोलर से कुचल कर मौत की नींद सुलाने वाले छतरपुर के वाहन चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुभाष ऋषिदेव (32) निवासी ग्राम बरहरी, जिला पूर्णिया (बिहार) का अपने चचेरे भाई नीरज कुमार और अन्य 11 साथियों के साथ व्हीआरएस कंपनी के माध्यम से रिंग रोड परियोजना में मजदूरी करने जबलपुर आया था।
कल सुबह करीब 11 बजे वे दोनों सड़क पर छड़ गाड़कर लेवल देने का काम कर रहे थे। रोशन पानी पीने के लिए थोड़ा दूर गया था, तभी ढलान पर खड़े रोड रोलर क्रमांक एमपी 21 जेड सी 6746 के चालक ब्रजेश कुशवाहा ने लापरवाही बरतते हुए वाहन को आगे बढ़ा दिया। सुभाष सड़क पर पत्थर लगा रहा था और ढलान के कारण वह रोलर की चपेट में आ गया। साइट पर मौजूद सर्वेयर अरुण जगत ने शोर मचाकर चालक को रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक रोलर सुभाष के सिर के ऊपर से गुजर चुका था। सिर पूरी तरह कुचल जाने के कारण सुभाष की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। पुलिस ने मृतक के भाई नीरज कुमार की शिकायत पर आरोपी चालक ब्रजेश कुशवाहा (22), निवासी छतरपुर के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर मामले की विस्तृत विवेचना शुरू कर दी है।
