इंदौर: पुलिस का मिशन सेफ सिटी अब जमीन पर असर दिखाने लगा है. पलासिया चौराहे पर चलाए गए हेलमेट अभियान के तहत लोगों को जागरूक करने के साथ निःशुल्क हेलमेट वितरित किए. पिछले साल के मुकाबले इस साल सड़क हादसों में मौत के आंकड़ों में कमी बताई जा रही है.इंदौर पुलिस द्वारा चलाया जा रहा हेलमेट अभियान लगातार रफ्तार पकड़ रहा है. मंगलवार को पलासिया चौराहे पर विशेष अभियान चलाकर दोपहिया वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया. इस दौरान उन लोगों को मुफ्त हेल्मेट भी दिए गए, जो बिना सुरक्षा के वाहन चला रहे थे. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियान का मकसद सिर्फ चालानी कार्रवाई नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाना है. यही वजह है कि लगातार जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ सामाजिक संदेश भी दिए जा रहे हैं.
पुलिस कमिश्नरेट द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में कमी दर्ज की गई है. 31 मार्च तक के आंकड़े बताते हैं कि पिछले साल की तुलना में 22 कम मौतें हुई हैं. पुलिस इसे जागरूकता अभियान और सख्ती का संयुक्त असर मान रही है. जागरूकता बढ़ाने के लिए पुलिस ने एक शॉर्ट फिल्म भी तैयार की है, जिसमें भावनात्मक संदेश के जरिए लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने की अपील की गई है. इस दौरान पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने लोगों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन कर अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें. उनका कहना है कि अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि शहर में सड़क हादसों को और कम किया जा सके.
