इंदौर: आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में इंदौर ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए भूकंप पूर्व तैयारी एवं क्षमतावर्धन को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया. यह कार्यक्रम देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज़ सभागार में कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में संपन्न हुआ.
कार्यशाला में विभिन्न महाविद्यालयों और संस्थानों से आए 250 से अधिक प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई. कार्यक्रम का उद्देश्य आपदाओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, जनसहभागिता को प्रोत्साहित करना और प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करना रहा.
विशेषज्ञों ने दिए व्यवहारिक प्रशिक्षण
प्रशिक्षण सत्र में प्लाटून कमांडर अश्विन चौधरी, सुमित खरे और दीपेश पाटीदार ने रेल दुर्घटना, सर्पदंश, भूकंप और अग्निकांड जैसी आपदाओं से बचाव के उपाय बताए. साथ ही हाल की ईवी घटनाओं और गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए लू व हीट स्ट्रोक से बचाव पर भी जानकारी दी गई.
उपकरणों का लाइव प्रदर्शन
प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन उपकरणों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कर उनकी व्यावहारिक समझ विकसित की गई, जिससे वे आपात स्थिति में बेहतर प्रतिक्रिया दे सकें. कार्यक्रम का संचालन डिस्टि्रक्ट कमांडेंट सुमत जैन के मार्गदर्शन में हुआ, जबकि डिप्टी कलेक्टर चरणजीत सिंह हुड्डा की उपस्थिति ने आयोजन को प्रशासनिक मजबूती दी
