जबलपुर: जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति में कमी की खबरों को हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी (एचपीसीएल) ने पूरी तरह भ्रामक और निराधार बताया है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि जिले में ईंधन की उपलब्धता सामान्य बनी हुई है।एचपीसीएल के क्षेत्रीय प्रबंधक के अनुसार, कंपनी के भंडारण स्थलों पर पेट्रोल-डीजल का लगभग सात दिनों का कवर स्टॉक मौजूद है, जो कुल भंडारण क्षमता का 70 प्रतिशत से अधिक है। साथ ही, इन स्थलों पर नियमित रूप से ईंधन की आपूर्ति भी जारी है।
कंपनी वर्तमान में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति लगभग दोगुनी क्षमता पर संचालित कर रही है। हालांकि, अफवाहों के कारण अचानक मांग में चार गुना वृद्धि होने से कुछ स्थानों पर दबाव की स्थिति बन सकती है, लेकिन उपलब्ध स्टॉक से इस मांग को भी पूरा किया जा सकता है।अफवाहों पर ध्यान न दें. एचपीसीएल ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल की खरीदारी न करें। कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि वह निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण सेवा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
