MP पुलिस का मिशन मोबाइल: प्रदेशभर में 977 लोगों के चेहरे पर लौटी मुस्कान, करोड़ों के फोन बरामद

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस का साइबर सेल ऑनलाइन ठगी पर अंकुश लगाने के साथ-साथ गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन सहित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की खोज और बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। राज्यव्यापी विशेष अभियान और तकनीकी विश्लेषण के तहत पुलिस ने 2 करोड़ 86 लाख रुपये मूल्य के 977 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को लौटाया है।

बरामद मोबाइल फोन संबंधित व्यक्तियों को पुलिस कार्यालय बुलाकर विधिवत सौंपे गए, जिससे प्रदेशभर में लोगों ने पुलिस की सराहना की। राजगढ़ जिले में “ऑपरेशन ट्रेस एंड रिटर्न” के तहत उन्नत तकनीक और सीईआईआर पोर्टल का उपयोग करते हुए लगभग 1 करोड़ 80 लाख रुपये मूल्य के 451 मोबाइल फोन बरामद किए गए। ये मोबाइल फोन बिहार, राजस्थान, गुजरात और उत्तरप्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से ट्रेस किए गए।

इंदौर में अपराध शाखा ने सिटीजन कॉप एप के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए करीब 60 लाख रुपये मूल्य के 251 मोबाइल फोन बरामद किए। इनमें एप्पल, वनप्लस और सैमसंग जैसी कंपनियों के महंगे स्मार्टफोन शामिल हैं, जिन्हें गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तरप्रदेश से ट्रेस किया गया।

इसी तरह नर्मदापुरम में 147 मोबाइल फोन (20 लाख रुपये से अधिक), रतलाम में 100 मोबाइल फोन (करीब 20 लाख रुपये) बरामद किए गए। सीधी में “मिशन मिसिंग मोबाइल” के तहत 20 मोबाइल लौटाए गए, जबकि बड़वानी में पुलिस ने एक आदतन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 8 मोबाइल फोन जब्त किए।

अधिकारियों ने बताया कि इस सफलता में डिजिटल प्लेटफॉर्म और तकनीकी जांच की महत्वपूर्ण भूमिका रही है तथा आमजन से अपील की गई है कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएं, ताकि शीघ्र कार्रवाई संभव हो सके।

Next Post

ब्रेक फेल, बेकाबू कार बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान

Fri Mar 27 , 2026
जबलपुर। सिविल लाइन स्थित लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के बंगले के सामने शुक्रवार शाम करीब पौने 6 बजे उस वक्त अफरा तफरी का माहौल निर्मित हो गया जब चलती कार में अचानक आग भड़क उठी और कार अनियंत्रित होकर लोक निर्माण मंत्री के बंगले के सामने आकर रूक गई। […]

You May Like