
जबलपुर। सिविल लाइन स्थित लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के बंगले के सामने शुक्रवार शाम करीब पौने 6 बजे उस वक्त अफरा तफरी का माहौल निर्मित हो गया जब चलती कार में अचानक आग भड़क उठी और कार अनियंत्रित होकर लोक निर्माण मंत्री के बंगले के सामने आकर रूक गई। इस दौरान सड़क पर मौजूद लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। जानकारी के अनुसार ब्रीजा कार में सवार आरिज खान एयरपोर्ट से सिविल लाइन स्थित अवस्थी अपार्टमेंट में अपने घर आ रहे थे कि तभी सबसे पहले उनकी कार का ब्रेक फेल हुआ और फिर अचानक कार के अगले हिस्से में आग भड़क उठी।
आग भड़कने के बाद चालक आरिज खान सकते में आए और उन्होंनें हैंडब्रेक लगाकर जैसे तैसे कार को रोका और कार से कूदकर अपनी जान बचाई। इस दौरान तत्काल फायर अमले को सूचना दी गई। वहीं मौके पर मौजूद एसपी कार्यालय के आरक्षक शिवा, राज , सौरभ तिवारी दीपक कनौजिया, मुकेश परिहार, पवन तिवारी ने फायर उपकरण से आग बुझाने में मदद की वहीं फायर ब्रिगेड अमले ने मौके पर पहुंचकर कार के अगले हिस्से में भड़की आग को पूरी तरह बुझा दिया।
थोड़ी देरी पड़ जाती भारी
कार चालक आरिज खान ने नवभारत को बताया कि अगर वे थोड़ी देरी करते तो उनकी जान मुश्किल में पड़ जाती और कार पूरी जलकर खाक हो जाती। घटना में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो गया है।
