इंदौर में खौफनाक वारदात: इंफोसिस इंजीनियर को कार से कुचलकर उतारा मौत के घाट, पिता-पुत्र गिरफ्तार

इंदौर: लसूड़िया थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक मामूली विवाद ने दिल दहला देने वाली वारदात का रूप ले लिया. एयरबीएनबी के जरिए पेंटहाउस किराए पर देने के विरोध में उपजे विवाद के बीच पिता-पुत्र ने गुस्से में आकर सोसाइटी के रहवासियों पर कार चढ़ा दी. इस घटना में इंफोसिस में कार्यरत महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए. पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है.

एसीपी पराग सैनी ने बताया कि एमआर-11 स्थित शिव वाटिका समृद्धि एन्क्लेव (सागर टाउनशिप) की है. यहां रहने वाले कुलदीप चौधरी और उसके बेटे मोहनीश ने बिल्डर मुकेश बाहेती से दो पेंटहाउस खरीदे थे. दोनों इन फ्लैट्स को एयरबीएनबी के माध्यम से बाहरी लोगों को किराए पर दे रहे थे, जिसका सोसाइटी के सदस्य लगातार विरोध कर रहे थे. सुरक्षा और निजता को लेकर कई बार विवाद हो चुका था और हाल ही में स्थानीय पार्षद ने भी समझाइश दी थी, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ था. बुधवार रात एक बार फिर इसी मुद्दे को लेकर कहासुनी हुई. विवाद बढ़ने पर आरोपी पिता-पुत्र ने कार स्टार्ट कर सामने खड़े लोगों पर चढ़ा दी.

इस दौरान कार का पहिया पेट पर चढ़ने से इंफोसिस इंजीनियर शंपा पाठक (पांडे) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. शंपा अपने पति सौरभ और दो छोटे बच्चों के साथ 13 मार्च को ही इस सोसाइटी में रहने आई थीं. महज 13 दिन में ही यह खुशहाल परिवार मातम में बदल गया. घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई थी, मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई है, जिसमें कार को लोगों पर चढ़ाते हुए देखा गया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए देर रात ही आरोपी कुलदीप चौधरी और मोहनीश को हिरासत में ले कर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा. पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच कर रही है.

Next Post

विजय माल्या ने आरसीबी के नये मालिकों को दी बधाई

Thu Mar 26 , 2026
नयी दिल्ली, 26 मार्च (वार्ता) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के पूर्व मालिक विजय माल्या ने फ्रेंचाइजी के नए मालिकों को इस मूल्यवान आईपीएल फ्रेंचाइजी को खरीदने के लिए शुभकामनाएं दी हैं। माल्या ने एक्स पर लिखे एक पोस्ट में इस फ्रेंचाइज से जुड़ी यादों को साझा करते हुए कहा कि […]

You May Like

मनोरंजन