ब्यावरा: स्थानीय सुठालिया बायपास पर स्थित कृषि मंडी के क्वार्टर के सामने मैदान में नपा द्वारा पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है जिसे मंडी प्रबंधन की आपत्ति के बाद फिलहाल रोक दिया गया है.जानकारी के अनुसार मोहनपुरा प्रोजेक्ट के तहत नपा द्वारा नगर में चार स्थानों पर नवीन पानी टंकी का निर्माण किया जाना है. जिसमें एक स्थान बस स्टेण्ड के समीप मंडी के क्वार्टर के सामने मैदान को चिन्हित किया गया है. सोमवार को यहां नपा द्वारा जेसीबी से टंकी निर्माण हेतु गड्ढा खोदने का कार्य शुरु किया गया. मंडी प्रबंधन द्वारा अपने आधिपत्य वाली मंडी के क्वार्टर के सामने जगह पर टंकी निर्माण को लेकर आपत्ति दर्ज कराते हुए इस संबंध में एसडीएम को अवगत कराया गया. तत्पश्चात एसडीएम द्वारा मौका मुआयना कर इस मामले में कोई निर्णय की बात कही गई है. फिलहाल निर्माण कार्य रुक गया है.
चार स्थानों पर होगा टंकी निर्माण
नपा द्वारा मंडी क्वार्टर के सामने, राजगढ़ रोड पर अजनार नदी पुल के समीप, मुल्तानपुरा स्थित मुक्तिधाम के समीप एवं राजगढ़ रोड पर मुक्तिधाम के पीछे की और भूमि पर नवीन पानी टंकी निर्माण किया जाना है.
नपा प्रबंधन का कहना
इस संबंध में नपा प्रबंधन का कहना है कि जनहित को देखते हुए मंडी क्वार्टर के सामने मैदान पर टंकी निर्माण किया जाना प्रस्तावित है. क्योंकि यह स्थान बस स्टेण्ड वार्टर वक्स के समीप है, यहां टंकी निर्माण से क्षेत्र में पेयजल सप्लाई में सुविधा होगी. यदि इसमें किसी प्रकार की कोई आपत्ति होती हैै तो जगह आगे-पीछे करते हुए टंकी निर्माण किया जाएगा.
