भोपाल: विश्वभर में बढ़ते संघर्ष, आतंकवाद, पर्यावरणीय संकट और सामाजिक विभाजन के बीच शहर में आयोजित एक सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम में शांति का संदेश गूंजा। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर द आर्ट हाउस, भोपाल के तत्वाधान में संस्कार गरबा समिति द्वारा भव्य देवी वंदना एवं गरबा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में माँ दुर्गा की आराधना में संस्कृत भक्ति गीतों के साथ पारंपरिक गरबा प्रस्तुत किया गया, जो ऋतु परिवर्तन और आध्यात्मिक जागरण का प्रतीक बना। नृत्य निर्देशन दुर्गा मिश्रा द्वारा किया गया, जबकि संयोजन सुरेखा निकोसे एवं रंजीत निकोसे के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से विश्व शांति और भारत की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम में भाजपा नेत्री इंदु चौधरी सहित अनेक गणमान्य महिलाएँ उपस्थित रहीं। आयोजन ने सांस्कृतिक एकता और सकारात्मकता का संदेश दिया।
