नीमच: जिले के मूलचंद मार्ग स्थित खारी कुएं के पास, आगरा होटल के समीप ईद की नमाज के बाद हुए झगड़े से इलाके में सनसनी फैल गई। चार युवकों ने मिलकर 26 वर्षीय शाहरुख को घेरकर उस पर चाकू और पंच से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार अंबेडकर कॉलोनी निवासी शाहरुख के पिता फकीर मोहम्मद हैं। आरोप है कि वाहिद, वाजिद, टक्कू और कल्ली नाम के युवकों ने पहले गालियां दीं, फिर हाथापाई की और उसके बाद चाकू से कई वार किए। इतना ही नहीं, हाथ में पहने पंच से भी जमकर मारपीट की गई।
बताया जा रहा है कि विवाद बच्चों की आपसी कहासुनी से शुरू हुआ था, जो धीरे-धीरे दुश्मनी में बदल गया। एक दिन पहले भी आरोपियों ने शाहरुख के घर पहुंचकर मारपीट की धमकी दी थी। ईद के दिन नमाज के बाद सुबह करीब 10 बजे आरोपियों ने खारी कुएं के पास शाहरुख को घेरकर हमला किया।गंभीर हालत में शाहरुख खुद पुलिस थाने पहुंचा और पूरी घटना बताई। इसके बाद पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की खबर मिलते ही परिजन और परिचित बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे। घायल युवक और उसके परिजनों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
