राष्ट्रीय सेवा के उल्लंघन के मामले में अमेरिका में शरण लेने वाला सिंगापुर का पूर्व नागरिक गिरफ्तार

सिंगापुर, 20 मार्च (वार्ता) अमेरिका में शरण ले चुके सिंगापुर के पूर्व नागरिक एमोस यी पंग सांग को राष्ट्रीय सेवा नियमों के उल्लंघन के आरोप में चांगी हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया है।

सिंगापुर के अधिकारियों ने शुक्रवार को जानकारी दी कि यह गिरफ्तारी उस समय की गयी, जब उसे अमेरिका से वापस भेजा गया था। अधिकारियों के अनुसार, यी पर ‘सूचीबद्धता अधिनियम’ के तहत दो मुख्य आरोप हैं। पहला, अनिवार्य राष्ट्रीय सेवा के लिए मेडिकल जांच के लिए रिपोर्ट न करना और दूसरा, वैध ‘निकास परमिट’ के बिना देश से बाहर रहना।

‘सेंट्रल मैनपावर बेस’ सूचीबद्धता विभाग के निरीक्षकों ने बताया कि यी वर्ष 2016 में सिंगापुर छोड़कर अमेरिका चला गया था, जहां 2017 में उसे राजनीतिक शरण दी गयी थी। अमेरिका प्रवास के दौरान भी वह विवादों में रहा और उसे यौन अपराधों के लिए दिसंबर 2021 में छह साल की जेल की सजा सुनायी गयी थी।

अक्टूबर 2023 में पैरोल पर रिहा होने के बाद शर्तों का उसने फिर उल्लंघन किया। इस कारण उसे दोबारा हिरासत में लेकर निर्वासन की कार्यवाही शुरू की गयी। चूंकि उसके पास वैध पासपोर्ट नहीं था, इसलिए उसे एक ‘पहचान दस्तावेज’ जारी किया गया था।

सिंगापुर के रक्षा मंत्रालय (एमआईएनडीईएफ) ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय सेवा के दायित्वों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ विभाग सख्त रुख अपनाता है। इस कानून के तहत दोषियों को तीन साल तक की जेल या 10,000 सिंगापुरी डॉलर का जुर्माना, या दोनों हो सकते हैं।

 

 

Next Post

ब्रिटेन और नाइजीरिया ने अवैध प्रवासियों की वापसी के समझौते पर हस्ताक्षर किए

Fri Mar 20 , 2026
माॅस्को/लंदन, 20 मार्च (वार्ता) ब्रिटेन और नाइजीरिया ने अवैध प्रवासियों की वापसी के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। ब्रिटेन के गृह मंत्रालय ने गुरुवार को जानकारी दी कि यह समझौता नाइजीरियाई राष्ट्रपति बोला टिनूबू की ब्रिटेन यात्रा के दौरान हुआ, जो पिछले 37 वर्षों में किसी नाइजीरियाई नेता […]

You May Like