महाकौशल प्रांत में शाखाओं और गतिविधियों में हुई वृद्धि

जबलपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तीन दिवसीय अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक हरियाणा के समालखा में 13 से 15 मार्च तक सम्पन्न हुई। बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत एवं सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। देशभर से 1493 अपेक्षित कार्यकर्ताओं में से 1438 की उपस्थिति रही। उक्त जानकारी पत्रकार वार्ता में प्रांत संघचालक डॉ. प्रदीप दुबे एवं प्रांत प्रचार प्रमुख विनोद कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि बैठक में संगठन विस्तार, समाज की सज्जन शक्ति की सक्रियता और सामाजिक समरसता के संकल्प को प्रमुखता दी गई। पिछले वर्ष संघ कार्य में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जिसमें देशभर में शाखाओं की संख्या बढ़कर 88,949 हो गई है। महाकौशल प्रांत में भी 533 शाखाओं की वृद्धि के साथ कुल शाखाएं 3,078 तक पहुंच गई हैं। संघ के शताब्दी वर्ष (2025-26) के अंतर्गत देशभर में 62,555 विजयादशमी उत्सव आयोजित हुए, जिनमें लाखों स्वयंसेवकों की सहभागिता रही। महाकौशल प्रांत में 3,138 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें 1.77 लाख से अधिक स्वयंसेवक शामिल हुए। गृह संपर्क अभियान के तहत देश के 37 प्रांतों में 10 करोड़ से अधिक घरों तक संपर्क किया गया, जबकि महाकौशल में 43 लाख से अधिक घरों तक पहुंच बनाई गई। इसी प्रकार हिन्दू सम्मेलनों में देशभर में 3.49 करोड़ लोगों की सहभागिता रही। जबलपुर के सुहागी बस्ती में सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले की उपस्थिति में आयोजित सम्मेलन में 4500 लोग शामिल हुए। इसके अलावा गुरु तेगबहादुर जी की 350वीं शहादत वर्ष के अवसर पर देशभर में 2134 कार्यक्रम हुए। जबलपुर में आयोजित कार्यक्रम में 500 से अधिक लोग शामिल हुए, जहां सह सरकार्यवाह रामदत्त चक्रधर का उद्बोधन हुआ। इसके साथ ही युवा सहभागिता भी बढ़ी है, जिसमें महाकौशल प्रांत के 34 जिलों में आयोजित युवा सम्मेलनों में 50,100 युवाओं ने भाग लिया। बैठक में बताया कि आगामी वर्ष संत रविदास जी महाराज के 650वें प्राकट्य वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर उनके समरसता, समानता और सामाजिक परिवर्तन के विचारों को समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। इस दौरान विभाग प्रचार प्रमुख विनय सोलंकी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Next Post

दिल्ली में ईद का चाँद नहीं दिखा; शनिवार 21 मार्च को मनाई जाएगी ईद-उल-फितर

Thu Mar 19 , 2026
नयी दिल्ली, 19 मार्च (वार्ता) दिल्ली की प्रमुख हिलाल कमेटियों ने आज आधिकारिक रूप से घोषणा की है कि गुरुवार की शाम को शव्वाल का चाँद नज़र नहीं आया है। इस पुष्टि के साथ ही अब पूरे देश में ईद-उल-फितर का त्योहार शनिवार, 21 मार्च 2026 को पारंपरिक उल्लास के […]

You May Like