जबलपुर:मध्यप्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप शहर के व्यापारियों को एक सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण प्रदान करने की दिशा में नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने अधिकारियों के साथ गुरंदी क्षेत्र में नवनिर्मित आधुनिक मछली मार्केट का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यापारियों के साथ सीधा और प्रेरणादायी संवाद भी स्थापित किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस व्यवस्थित मार्केट से न केवल व्यापारियों के व्यापार में वृद्धि होगी, बल्कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में भी बड़ा सुधार आएगा।
नया मार्केट आधुनिक मापदंडों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिसमें व्यापारियों के लिए निर्धारित और स्वच्छ स्थान, अपशिष्ट निकासी के लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, व्यापारियों और ग्राहकों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, प्रकाश, पानी और आवाजाही के लिए पर्याप्त जगह। संवाद का असर इतना सकारात्मक रहा कि व्यापारियों में भारी उत्साह देखा गया।
निगमायुक्त की बातों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में मछली व्यापारियों ने दुकानों के आवंटन के लिए आवेदन किया है। निगमायुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवेदनों पर सकारात्मक और पारदर्शिता के साथ विचार कर जल्द से जल्द आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाए।निगमायुक्त श्री अहिरवार ने बताया कि हमारा लक्ष्य है कि हर छोटा-बड़ा व्यापारी सुरक्षा और सम्मान के साथ अपना व्यवसाय कर सके। गुरंदी का यह नवनिर्मित मार्केट इसी दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।
