
उज्जैन। ग्राम नारेला और बनबना के बीच रेलवे ट्रेक पर सोमवार-मंगलवार रात गर्दन कटी लाश की सूचना पर इंगोरिया थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची। मृतक युवक की पहचान उसके पास मिले मोबाइल और कुछ दूरी पर खड़ी बाइक नम्बर के आधार पर की गई। थाना प्रभारी दिपेश व्यास ने बताया कि रात में रेलवे ट्रेक पर युवक गर्दन कटी लाश पड़ी होने की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। प्रथमदृष्टता मामला आत्महत्या का होना सामने आया। घटनास्थल पर जांच के दौरान मृतक युवक का मोबाइल और कुछ दूरी पर बाइक खड़ी मिली। जिसके आधार पर उसकी पहचान इंदरगिरी पिता कालू गिरी गोस्वामी 48 साल निवासी ग्राम सुराखेड़ी के रूप में हुई। परिजनों को सूचना दी गई और शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया। मंगलवार सुबह सामने आया कि इंदरगिरी ने आत्महत्या से पहले मोबाइल से वीडियो बनाया था, जिसे परिजनों को भेजा था। वीडियों में उसने कहा कि सुसाइड कर रहा हूं मैं थक गया हूं। पारिवारिक समस्या नहीं है। जीवन में किसी को कष्ट दिया हो तो क्षमा करना। बताया जा रहा है कि सुसाइड से पहले उसने शराब का सेवन भी किया था। थाना प्रभारी के अनुसार फिलहाल परिजनों के गमगीन होने पर बयान दर्ज नहीं हो सके है। जिसके चलते उक्त युवक द्वारा की गई आत्महत्या की वजह सामने नहीं आ पाई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया है। मोबाइल जांच में लिया गया है। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों के बयान दर्ज किये जायेंगे।
