
जबलपुर। कुण्डम थाना अंतर्गत ग्राम तिलसानी के पास एक तेज रफ्तार लोडिंग पिकअप ने मोटरसाइकिल सवार परिवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हृदय विदारक हादसे एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति और मासूम बेटा घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब परिवार जन्मदिन मना कर वापस लौट रहा था।
जानकारी के अनुसार बरेला थाना क्षेत्र के ग्राम पड़वार खेरमाई मोहल्ला निवासी अजय कुशवाहा (38) फिनिक्स पोल्ट्री फार्म में कार्यरत हैं। वे अपनी पत्नी प्रियंका काछी (30) और बेटे हिमांशु के साथ मोटर साइकिल से अपनी साली के बच्चे के जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने कटनी ग्राम भटकमा गए थे। जब यह परिवार वापस घर लौट रहा था, तभी कुण्डम के ग्राम तिलसानी के पास काल बनकर आई लोडिंग पिकअप क्रमांक एमपी 20 जीए 4165 के चालक ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में प्रियंका के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं, जबकि अजय के पैर में चोट आई और बच्चा भी जख्मी हो गया।राहगीरों की सूचना पर पहुँची 108 एम्बुलेंस से घायलों को तुरंत शासकीय अस्पताल कुण्डम ले जाया गया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने प्रियंका का परीक्षण किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अपनी आँखों के सामने पत्नी को खोने वाले अजय और मासूम बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है। अजय कुशवाहा की शिकायत पर कुण्डम पुलिस ने आरोपी पिकअप चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।