
बेगमगंज। घरेलू गैस की किल्लत के चलते काला बाजारी की खबरों को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाना शुरू कर दिया है। ताकि कोई अवसर का लाभ ना उठा पाए।
नगर की एकमात्र वर्धमान गैस एजेंसी पर सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ लग रही है। इधर उपभोक्ताओं की सुविधा के मद्देनजर प्रशासन ने भी जमाखोरी के खिलाफ कमर कस ली है।
घरेलू गैस सिलेंडर के उपयोग किए जाने की सूचना पर खाद्य विभाग द्वारा कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्रीमती पूर्णिमा श्रीवास्तव के नेतृत्व में नायाब तहसीलदार विक्रम सिंह की संयुक्त टीम ने नगर में सघन चेकिंग अभियान चलाया और कई होटल एवं मिष्ठान भंडारों का औचक निरीक्षण कर एक रेस्टोरेंट सहित 4 चाय नाश्ता भंडारों की सघन जांच करते हुए 6 स्थानों पर कमर्शियल सिलेंडर की जगह घरेलू रसोई गैस सिलेंडर उपयोग में लेते हुए जब्त किए गए।
खाद्य विभाग की कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्रीमती पूर्णिमा श्रीवास्तव ने बताया कि पुराना बस स्टैंड स्थित श्रीराम होटल एवं नया बस स्टैंड पर महाराज मंगोड़ी सेंटर , नेमा चाउमीन सेंटर , प्रदीप नेमा मुगोड़ी सेंटर से एक – एक एलपीजी घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए जबकि क्रेजी कप्स रेस्टोरेंट से दो घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
वहीं कुछ प्रतिष्ठानों पर एक्सपायर डेट की कोल्ड ड्रिंक मिलने पर उसको नष्ट कराया गया । पंचनामा उपरांत 6 संबंधितों के खिलाफ प्रकरण दर्जकर आगे की कार्रवाई के लिए कलेक्टर को प्रेषित किया जा रहा है। पर्याप्त घरेलू एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध है। किसी प्रकार की कमी नही है।
