नयी दिल्ली, 17 मार्च (वार्ता) दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने दिल्ली स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजेएफआई) के राष्ट्रीय सम्मेलन में भारत के विश्व कप विजेताओं प्रतिका रावल और उद्धव मोहन को सम्मानित किया।
यहां आयोजित सम्मान समारोह में सोमवार को प्रशासक, पत्रकार और खिलाड़ी भारतीय खेलों की विभिन्न उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए एकत्रित हुए थे। सम्मान समारोह के दौरान डीडीसीए ने एकदिवसीय विश्वकप 2025 में भारतीय टीम का हिस्सा रही रावल को 51 लाख के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया। वहीं अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता मोहन को राष्ट्रीय जूनियर टीम के साथ उनकी उपलब्धि के लिए 11 लाख का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
समारोह में डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली ने कहा, “उन खिलाड़ियों को सम्मानित करना हमेशा खास होता है, जो दिल्ली की व्यवस्था से उभरकर सामने आए हैं और जिन्होंने देश का गौरव के साथ प्रतिनिधित्व किया है। इस तरह की उपलब्धियां उन अनगिनत युवा क्रिकेटरों को प्रेरित करती हैं, जो इसी राह पर चलने का सपना देखते हैं। एक संघ के तौर पर, हमारा मानना है कि प्रतिभा की अगली पीढ़ी को निखारने में पहचान और प्रोत्साहन की अहम भूमिका होती है।”
रावल ने कहा, “जब आपको इतने बड़े मंच पर सम्मानित किया जाता है, खासकर डीडीसीए और रोहन सर द्वारा, तो सचमुच बहुत अच्छा लगता है। यह मेरे लिए अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण है। मैंने दिल्ली के लिए काफी क्रिकेट खेला है और यह एक ऐसा पल है, जिसे मैं जीवन भर संजोकर रखूंगी।”
