शिवपुरी: केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया। यह शिविर माधवराव सिंधिया सेवा स्वास्थ्य मिशन और रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया है। इस अवसर पर 5260 दिव्यांगजनों को कुल 22,475 सहायक उपकरण वितरित किए गए।केंद्रीय मंत्री ने इनमें से 786 दिव्यांगजनों को स्वयं अपने हाथों से उपकरण प्रदान किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवा की यह परंपरा उनके पिता स्वर्गीय माधवराव सिंधिया द्वारा स्थापित की गई थी।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों तक आधुनिक चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने के लिए बड़े शहरों से डॉक्टरों को भेजने की परिकल्पना की थी। सिंधिया ने चिकित्सकों को ‘जानदाता’ बताते हुए कहा कि वे जीवन बचाने का कार्य करते हैं, ठीक उसी तरह जैसे शिक्षक ज्ञानदाता और किसान अन्नदाता होते हैं। यह स्वास्थ्य शिविर आज 17 मार्च से 24 मार्च तक चलेगा। इसमें एम्स दिल्ली, एम्स भोपाल और मेदांता जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ डॉक्टर अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। शिविर में आधुनिक मशीनों से सुसज्जित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जहां प्रतिदिन लगभग 25 हजार ओपीडी और 500 से 700 ऑपरेशन करने की व्यवस्था है।
