नापतौल विभाग को साइनाइड धमाके की धमकी, 16 सिलेंडरों की खबर से मचा हड़कंप

भोपाल। राजधानी भोपाल स्थित नापतौल विभाग के आधिकारिक ईमेल पते पर धमकी भरा मेल मिलने के बाद हड़कंप मच गया। ईमेल में विभाग के कार्यालय में साइनाइड गैस से भरे सिलेंडर रखे होने और विस्फोट की चेतावनी दी गई थी।

ईमेल मिलने के बाद विभागीय अधिकारियों ने इसकी सूचना वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों को दी। स्थानीय थाना पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर कार्यालय का निरीक्षण किया। सूत्रों के अनुसार सोमवार सुबह लगभग नौ बजे विभाग की शासकीय ईमेल आईडी पर यह संदेश प्राप्त हुआ। ईमेल में दावा किया गया था कि नापतौल विभाग कार्यालय में साइनाइड गैस से भरे 16 सिलेंडर रखे गए हैं, जो दोपहर में बजे फटेंगे।

सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता, स्थानीय पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। एहतियात के तौर पर कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों को बाहर निकालकर परिसर की सघन तलाशी ली गई। हालांकि तलाशी के दौरान किसी भी प्रकार के सिलेंडर या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली और धमकी फर्जी पाई गई।

प्राथमिक जांच में पता चला है कि ईमेल किसी बाहरी आईडी से भेजा गया है। साइबर सेल और अन्य एजेंसियां तकनीकी माध्यम से ईमेल के स्रोत का पता लगाने और इसके पीछे शामिल व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास कर रही हैं। इससे पहले भोपाल स्थित पीपुल्स विश्वविद्यालय और एम्स भोपाल को भी धमकी भरे मेल मिले थे। वही स्थानीय पुलिस इस पूरे मामले की जाँच में जुट गई है।

Next Post

मिशन 100%: पात्र बालिकाओं के एचपीवी टीकाकरण के लिए चलेगा जागरूकता अभियान 

Mon Mar 16 , 2026
बैतूल। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पात्र बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए और इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समयसीमा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए यह निर्देश […]

You May Like